देहरादून। दीपावली के दिन जब पूरा देश प्रकाश उत्सव की तैयारियों में लगा होगा, तब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लोकतांत्रिक तरीके से महंगाई के खिलाफ दो घंटे मौन व्रत रखेंगे।
हरदा ने फेसबुक पर अपने अधिकारिक पेज पर पोस्ट में इस बात की जानकारी दी है। बताया कि कल मां महालक्ष्मी के रूप में पूजी जाएंगी। सबके घरों में उत्साहपूर्वक दीपावली का पूजन होगा। मगर, महंगाई ने खाने के तेल से लेकर रसोई की गैस तक, डीजल-पेट्रोल से लेकर प्रत्येक उत्पाद को इतना महंगा बना दिया है कि आम आदमी चाहते हुए भी दीपावली पर्व में उत्साहपूर्वक खर्च नहीं कर पा रहा हैं।
प्रत्येक व्यक्ति के मन में एक कसक है, उस कसक के निवारणार्थ में मैं कल माँ महालक्ष्मी को स्मरण करते हुये 2 घंटे का मौन-उपवास रखूंगा। यह मेरा लोकतांत्रिक विरोध, महंगाई बढ़ाने वाले सरकार के प्रति है। लोगों की जीवन में खुशहाली और समृद्धि आए इसकी प्रार्थना मां लक्ष्मी को समर्पित होगी।
माना जा रहा है कि हरदा के मौन व्रत के कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य समर्थक भी शामिल होंगे।