सियासतहरिद्वार

उत्तराखंड ने रचा विकास का नया इतिहासः धामी

कुंभ के लिए 500 करोड़ मंजूर होने पर जताया मोदी और शाह का आभार

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने सभी मिथकों को तोड़ते हुए प्रचंड बहुमत से सरकार को दोबारा आशीर्वाद दिया। केंद्र सरकार के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार किया गया है, जबकि नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू कर वर्षों से उपेक्षित हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता सहित तीन नए कानूनों के माध्यम से न्याय व्यवस्था को भारतीय आत्मा के अनुरूप बनाया गया है। गृहमंत्री के नेतृत्व में देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है। जिन क्षेत्रों में कभी भय का माहौल था, आज वहां विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। कहा कि कश्मीर के लाल चौक पर जहां कभी तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, आज वहां गर्व से तिरंगा लहरा रहा है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक और बदरीनाथ-केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण जैसे कार्य सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक हैं। उन्होंने कुंभ के लिए केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये स्वीकृत करने पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए, जिनमें से एक लाख करोड़ से अधिक की ग्राउंडिंग हो चुकी है। राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर करीब 1700 हो गई है। बताया कि राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड को देश में पहला स्थान मिला है। साथ ही एविएशन इकोसिस्टम, लॉजिस्टिक्स इंडेक्स, स्टार्टअप इकोसिस्टम और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे कई क्षेत्रों में राज्य को राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं।

मौके पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूडी, राज्यसभा सांसद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट़्ट, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, सांसद माला राज्य लक्ष्मी, अनिल बलूनी, अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!