Haridwar: मुख्य सचिव ने ग्राउंड पर देखी कुंभ मेले की तैयारियां

हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हरिद्वार में निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करने और विभागीय समन्वय के साथ काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अपर गंगा नहर के बाएं तट पर शहीद भगत सिंह घाट (कामधेनु घाट) से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाटों और बैरागी कैम्प घाट का अवलोकन किया। निर्देशित किया कि घाटों का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मानकों के अनुरूप हो।
उन्होंने बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, चेंजिंग रूम व प्रसाधन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। ‘ग्रीन घाट’ की अवधारणा के तहत हरित पट्टी और पौधरोपण पर भी जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने विभिन्न सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों, जिनमें पथरी रौ नदी पर बन रहा सेतु, बहादराबाद-सिडकुल मार्ग का चौड़ीकरण और धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग शामिल हैं, की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वर्षाकाल से पूर्व नदी तल से जुड़े कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
हरिद्वार बाईपास रिंग रोड और दिल्ली राजमार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण को प्राथमिकता देने के साथ ही जलापूर्ति परियोजनाओं को समय पर पूरा कर स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कुंभ को अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन बताते हुए यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता और आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को भी समान महत्व देने के निर्देश दिए।
मौके पर सचिव शहरी विकास नितेश झा, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार सिंह, सीडीओ ललित नारायण मिश्रा, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, हरिद्वार विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह आदि मौजूद रहे।



