चारधाम यात्रा के लिए सरकार की तैयारी पूरीः महाराज

देहरादून। सूबे के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा को सुगम, सुखद और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
सतपाल महाराज ने बताया कि बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन समेत होटल एसोसिएशन और टूर ऑपरेटर्स एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। यात्रा के प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त आवास, साफ-सुथरे भोजनालय और विश्राम स्थल सुनिश्चित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सड़कों की मरम्मत, अतिरिक्त बस सेवाएं और ट्रैफिक प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था की गई है। प्रत्येक धाम पर मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, ऑक्सीजन सुविधा और आपातकालीन रेस्क्यू टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा, निरंतर विद्युत आपूर्ति, पेयजल, मोबाइल कनेक्टिविटी और शौचालयों की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
मंत्री ने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा पर आने से पूर्व ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य कराएं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड सरकार ने प्रत्येक यात्री के लिए ‘सुगम, सुखद एवं सुरक्षित’ यात्रा का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु पूजा-अर्चना का लाभ उठा सकें।



