टिहरी गढ़वाल

घनसाली को मिली ₹41.21 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री धामी ने किया विभिन्न योजनाओं को लोकार्पण और शिलान्यास

घनसाली (टिहरी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घनसाली क्षेत्र में ₹41.21 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें ₹13.43 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण और ₹27.78 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में उच्चीकृत किए जाने के कार्य का शिलान्यास भी किया। अस्पताल के लिए भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला और उनके परिजनों को सम्मानित करते हुए उन्होंने उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य किसी भी स्थिति में रुकना नहीं चाहिए और उनका शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाएगा। कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और घनसाली क्षेत्र में भी शीघ्र स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ की जाएंगी। सीएम धामी ने स्व. इंद्रमणि बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिलखी-बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की। कहा कि उन्हें सौंपे गए ज्ञापन में शामिल बिंदुओं पर भी सकारात्मक विचार कर उन्हें मुख्यमंत्री घोषणाओं में शामिल किया जाएगा।

घनसाली के विधायक शक्तिलाल शाह ने क्षेत्र में 30 बेड अस्पताल, तीनगढ़ पुनर्वास, बालगंगा पुल के लिए धनराशि स्वीकृति, विद्यालय भवन निर्माण और बिजलीघर शिलान्यास पर आभार जताया। उन्होंने क्षेत्र से संबंधित 37 सूत्रीय मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!