युवा शक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजीः धामी
सीएम ने स्वामी विवेकानन्द जयंती की पूर्व संध्या पर जारी किया संदेश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी विवेकानन्द जयन्ती की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सीएम ने स्वामी विवेकानन्द को युवाओं का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय दर्शन और हमारी महान संस्कृति के महत्व को दुनिया तक पहुंचाने का महान कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने विवेकानन्द जयन्ती की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में कहा कि स्वामी विवेकानन्द महान आध्यात्मिक विचारक और वक्ता थे। उन्होंने अपने बौद्धिक विचारों, ओजस्वी वाणी से युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया। उनका यह संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने युवा शक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए आत्मनिर्भर, सशक्त व चरित्रवान भारत के निर्माण में सभी से सहयोगी बनने की भी अपेक्षा की। कहा कि देश की प्रगति, नवाचार और नेतृत्व में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल, शिक्षा, उद्यमिता और सामाजिक सेवा आदि हर क्षेत्र में हमारे युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से भारत की वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने युवाओं सहित सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर देश और प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने के लिए आगे आएं।



