नए साल में नए संकल्प के साथ बढ़ेंगे आगेः धामी
• सीएम आवास में मुख्यमंत्री से विधायक, अधिकारियों और लोगों ने की भेंट
देहरादून। नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंत्री, विधायक, आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, पीसीएस अधिकारियों समेत आम लोगों ने भेंट की। इस अवसर पर सभी से नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
बुधवार को सीएम आवास पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक मदन कौशिक, खजान दास व अन्य, भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय वन सेवा, और प्रान्तीय सेवा के अधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भेंट कर नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सभी के मंगलमय जीवन की कामना की है। कहा कि नववर्ष पर हमें नए संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। सभी प्रदेशवासियों के योगदान से उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने सभी से राज्य के विकास में सहयोगी बनने की भी अपेक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर गया है। राज्य को हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए सबको सामुहिक प्रयास करने होंगे। सरकार द्वारा राज्य के समग्र विकास के साथ प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन, आर्थिक विकास पर्यटन, खेती, बाग़वानी, पशुपालन जैसे क्षेत्रों में तेजी से कार्य किये जा रहे हैं।
सीएम ने कहा कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किये जा रहे हैं। नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।