बच्चों को दी गई संवेदनशील विषयों की जानकारी
राजकीय इंटर कालेज खरोडा में किशोरावस्था पर दो दिनी कार्यशाला संपन्न

देहरादून। राजकीय इंटर कालेज खरोडा में किशोरावस्था कार्यक्रम को लेकर दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न हो गई। कार्यशाला में बच्चों को जीवन कौशल विकास, किशोर स्वास्थ्य के मुद्दे, लिंग संवेदनशीलता, यौन शिक्षा एवं जनन स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली, हिंसा के खिलाफ आवश्यक सुरक्षा, सोसियल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित प्रयोग, मादक द्रव्यों का सेवन और परीक्षा का मानसिक दबाव पर जानकारी दी गई।
कार्यशाला के पहले दिन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ.उमेश चमोला ने कहा कि किशोरावस्था बच्चे के भावी विकास की आधारशिला है। किशोरों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाते हुए संतुलित आहार लेना चाहिए। उन्हें न केवल मादक द्रव्यों के प्रयोग से बचना चाहिए बल्कि समाज मे मादक द्रव्य प्रयोग के खिलाफ जागरूकता फैलाने में भी सहयोग करना चाहिए। उन्होंने हिंसा के खिलाफ आवश्यक सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित प्रयोग पर भी विचार रखे।
कार्यक्रम प्रभारी इंदु कार्की ने कहा कि परीक्षा से महत्वपूर्ण जीवन है। हमें परीक्षा की तैयारी पूरे मन से करनी चाहिए किंतु परीक्षा के दबाव को अपने ऊपर आने नहीं देना चाहिए। साइबर सुरक्षा पर कहा कि अनजान स्रोत से आए संदेश से संबंधित लिंक को दबाने से हमे बहुत नुकसान हो सकता है। सोसियल मीडिया में अनजान व्यक्ति से संपर्क करने से बचना चाहिए।
कार्यक्रम की सह प्रभारी ममता वर्मा ने कहा कि किशोरावस्था में बच्चों में शारीरिक परिवर्तन होता है। उन्हें अपनी व्यक्तिगत समस्याएं अभिभावकों जैसे मां से साझा करनी चाहिए। उन्हें अपनी रुचि पहचानते हुए रुचि से संबंधित क्षेत्र में खूब मेहनत करनी चाहिए।
कार्यशाला के दूसरे दिन किशोरावस्था और व्यक्तिगत समस्याएं विषय पर कक्षा 11 की छात्राओं ने रोल प्ले किया। इसमें शिवानी, इशिता, रेणु, वंशिका, आयुषी, राखी और साक्षी ने भाग लिया। बच्चों के द्वारा किशोरावस्था के मुद्दों पर आधारित चित्र भी बनाए गए। किशोर बच्चे और मोबाइल के प्रयोग विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता भी की गई। इसमें शिवानी, इशिता, गुडिया और मीनाक्षी की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया, रेणु, साक्षी और वंशिका की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं क्विज़ प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा शिवानी ने पहला, 11 की छात्रा रेणु ने दूसरा और कक्षा 9 की छात्रा साक्षी ने तीसरा स्थान हासिल किया। पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा रेणु ने पहला, कक्षा 9 की छात्रा साक्षी ने दूसरा तथा कक्षा 11 की छात्रा इशिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में इशिता ने पहला और दूसरा स्थान शिवानी ने प्राप्त किया।