देहरादूनः एलपीजी कालाबाजारी के आरोप में दो गिरफ्तार
• जिला प्रशासन ने 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों पर मारे छापे

• 19 सिलेंडर जब्त; डोईवाला में एफआईआर दर्ज, कंट्रोल रूम को मिली 341 शिकायतें
देहरादून। एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को जिलेभर में सख्ती के साथ छापेमारी की। डीएम सविन बंसल के निर्देश पर प्रशासनिक टीमों ने 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया।
इस कार्रवाई के दौरान 19 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं डोईवाला में अनियमितता पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। प्रशासन का कहना है कि गैस आपूर्ति को प्रभावित करने वाली जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस बीच जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को सामान्य बनाने के लिए वितरण की रफ्तार भी बढ़ाई गई है। शनिवार को करीब 29,120 घरेलू उपभोक्ताओं और 69 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। बावजूद घरेलू गैस सिलेंडरों का करीब 67 हजार का बैकलॉग अभी भी बना हुआ है।
प्रशासन के अनुसार 1 मार्च से अब तक 1,91,548 घरेलू और 15,336 व्यवसायिक गैस सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं, जबकि वर्तमान में 31,807 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। मांग के अनुरूप आपूर्ति बढ़ाने के लिए अतिरिक्त लोड भी बढ़ाया गया है।
जिला प्रशासन ने एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।
हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शनिवार शाम 5 बजे तक 341 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर संबंधित विभाग कार्रवाई कर रहे हैं। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से घबराने के बजाय होम डिलीवरी व्यवस्था का उपयोग करने की अपील की है।



