लैंसडाउन विधायक के बयान पर सांकेतिक प्रदर्शन

देहरादून। मूल निवास भू-कानून संघर्ष समिति ने गैरसैंण में ऑक्सीजन की कमी संबंधी बयान को लेकर लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत के खिलाफ विधायक हॉस्टल में ऑक्सीजन सिलेंडर और गर्म कपड़े देकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।
समिति के संयोजक लूशुन टोडरिया ने कहा कि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले विधायक द्वारा भराड़ीसैंण में ऑक्सीजन की कमी का बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है, यह पूरे उत्तराखंड का अपमान है। चेताया कि गैरसैंण के विरोध में दिए गए ऐसे बयानों का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
सचिव राकेश नेगी ने कहा कि यदि विधायक को पर्वतीय राज्य में ऑक्सीजन की कमी और ठंड की शिकायत है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। राष्ट्रीय रीजनल पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना इस्टवाल ने बयान पर जनता से माफी की मांग की।
प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता विपिन नेगी, संघर्ष समिति के महानगर प्रभारी अनिल डोभाल, देवेंद्र हिंडवान, मोहन रावत आदि शामिल थे।



