देहरादून

देहरादूनः छात्रों ने जानें सुरक्षित इंटरनेट के तौर तरीके

देहरादून। सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर मंगलवार को जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पांडेय की अध्यक्षता में विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजित हुई। कार्यशाला में विभागीय कार्मिकों के साथ ही छात्र-छात्राओं को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों की जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के सभागार में आयोजित कार्यशाला में प्रतिभागियों को इंटरनेट के सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग, लाभ व बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अंकुश पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट और डिजिटल प्लेटफॉर्म हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं, ऐसे में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक हो गई है।

उन्होंने बताया कि इंटरनेट एक इंटरकनेक्टेड नेटवर्क है, जिसके माध्यम से ई-मेल, सोशल मीडिया, ऑनलाइन शिक्षा, बैंकिंग एवं सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान संभव हो पाता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित अनेक आधुनिक तकनीकों में भी इंटरनेट की अहम भूमिका है।

पांडेय ने कहा कि जहां इंटरनेट के अनेक लाभ हैं, वहीं इसके दुरुपयोग से साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डेटा चोरी जैसी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। उन्होंने सभी को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा मजबूत पासवर्ड के उपयोग की सलाह दी। विशेष रूप से बच्चों और कर्मचारियों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर सहायक सूचना विज्ञान अधिकारी दीप्ति चमोली, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!