देहरादूनः श्रमिकों के खातों में ₹17 करोड़ ट्रांसफर
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘श्रमिक सेवा’ ऐप भी की लॉन्च

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से विकसित ‘श्रमिक सेवा’ मोबाइल एप का लोकार्पण किया। इस अवसर पर 8,005 श्रमिकों के खातों में ₹17 करोड़ से अधिक की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुदान वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऑफलाइन प्रक्रिया समाप्त कर ऑनलाइन निस्तारण और डीबीटी के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में राशि भेजी जा रही है। अब तक 11,828 लाभार्थियों को कुल ₹29.89 करोड़ की सहायता प्रदान की जा चुकी है।
धामी ने श्रमिकों और उनके आश्रितों के कौशल विकास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए स्थानीय युवाओं को प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन, मिस्त्री और कारपेंटर जैसे कार्यों में प्रशिक्षित किया जाए। साथ ही योग और वेलनेस क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को प्रशिक्षण के बाद विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास तेज करने को कहा। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ने और कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्रमायुक्त पीसी दुम्का ने बताया कि न्ज्ञस्ब्ब्डै पोर्टल पर 16,000 अधिष्ठानों का पंजीकरण हो चुका है, जिससे ₹80 लाख का शुल्क जमा हुआ है। वहीं बोर्ड के पास ₹324 करोड़ की धनराशि श्रमिक कल्याण के लिए उपलब्ध है। मौके पर उपायुक्त विपिन कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।



