जीएसटी की संशोधित दरों से मिलेगी आर्थिकी को मजबूतीः धामी
उत्तराखंड में 22 से 29 सितम्बर तक चलेगा जागरूकता अभियान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के मंत्री, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से देशभर में जीएसटी की नई दरें प्रभावी होंगी। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारिक समुदाय तक पहुंचे, इसके लिए प्रदेश में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि 22 से 29 सितम्बर तक वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करें। इस दौरान प्रभारी मंत्री अपने जनपदों में व विधायक अपनी विधानसभाओं में अभियान का नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने कहा कि जीएसटी की संशोधित दरों से प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी और “वोकल फ़ॉर लोकल“ व “लोकल टू ग्लोबल“ की दिशा में राज्य को गति मिलेगी। उल्लेख किया कि उत्तराखंड के अंब्रेला ब्रांड “हाउस ऑफ हिमालयाज”, जी.आई. टैग प्राप्त 27 उत्पाद, एक जनपद दो उत्पाद योजना और अन्य स्थानीय हस्तशिल्प व कृषि उत्पाद नए कर ढांचे से बढ़ावा पाएंगे। इससे स्वरोज़गार को बढ़ावा मिलेगा और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड की परिकल्पना को साकार करने में मदद मिलेगी।
सीएम धामी ने सभी विभागों और निकायों को अभियान सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर बल दिया। कहा कि ग्राम सभाओं और नगर निकायों में बैठकों का आयोजन कर ग्रामीणों और शहरी नागरिकों को विस्तृत जानकारी दी जाए। उद्योग विभाग को भी निर्देश दिए गए कि जी.आई. टैग वाले उत्पादों और एक जनपद दो उत्पाद योजना को और अधिक सशक्त व बाज़ारोन्मुख बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान केवल प्रचार तक सीमित न रहे, बल्कि आमजन की सहभागिता सुनिश्चित हो। इसके लिए नुक्कड़ नाटक, लोकगीत और अन्य सांस्कृतिक माध्यमों का उपयोग किया जाएगा, साथ ही मीडिया प्लेटफॉर्म्स से भी संदेश आम नागरिकों व व्यापारियों तक पहुँचाया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नई दरों से आमजन और व्यवसायियों को होने वाले लाभों की जानकारी साझा की। बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या आदि मौजूद रहे।



