देहरादून

देहरादूनः प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज

देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की संभावना के मद्देनजर जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने तैयारियों का आकलन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर संबंधित मार्ग का जल्द निरीक्षण कर लें। साथ ही मार्ग पर सौंदर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत और सड़क सुधार कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा हो।

यूपीसीएल अधिकारियों से कहा गया, संभावित रूट पर अंडरग्राउंड केबलिंग के तहत सड़कों के किनारे पड़ी केबलों को तुरंत हटाया जाए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।

जिलाधिकारी ने मंच निर्माण, सुरक्षा, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, मोबाइल शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल और रूट पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए जनपद के संभावित रूट पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों की पूर्व स्वीकृतियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल, सीडीओ अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसडीएम हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!