Dehradun: प्रेमनगर बाजार में हाईटेक पिंक व ग्रे टॉयलेट तैयार

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रमुख बाजारों में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम हाईटेक पिंक और ग्रे स्मार्ट टॉयलेट का तेजी से निर्माण कर रहा है। इसी के तहत प्रेमनगर मुख्य बाजार में निर्मित हाईटेक पिंक और ग्रे स्मार्ट टॉयलेट को जल्द ही लोकार्पित किया जाएगा।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये स्मार्ट टॉयलेट स्वच्छता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं। महिलाओं के लिए बनाए गए पिंक टॉयलेट में चार सीटें, सेनेटरी पैड मशीन, हेयर ड्रायर, वाई-फाई सुविधा और 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। पुरुषों के लिए ग्रे टॉयलेट में तीन सीटों की व्यवस्था की गई है।
दिव्यांगजन के लिए व्हीलचेयर और बैसाखी सहित विशेष रेस्ट रूम बनाया गया है। जबकि छोटे बच्चों के लिए फीडिंग रूम, टीवी और खिलौनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा फर्स्ट एड, न्यूजपेपर स्टैंड और शू पॉलिश मशीन जैसी सुविधाएं भी यहां उपलब्ध रहेंगी।
इन हाईटेक शौचालयों की साफ-सफाई और मॉनिटरिंग का कार्य मनसा फैसिलिटी एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कम्युनिटी टॉयलेट सिस्टम को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें प्रेमनगर का यह पहला हाईटेक पिंक टॉयलेट एक महत्वपूर्ण कदम है।



