उत्तराखंड

देहरादूनः पार्किंग, पेयजल और सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी

व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित, तकनीकी गुणवत्ता और मॉनिटरिंग पर जोर

देहरादून। राज्य की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए व्यय वित्त समिति ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित बैठक में शहरी विकास, पेयजल और लोक निर्माण विभाग की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा के बाद उन्हें आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

शहरी क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नीलकंठ महादेव (पौड़ी गढ़वाल) और रामनगर (नैनीताल) में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं पर क्रमशः ₹5183.65 लाख और ₹3857.64 लाख खर्च किए जाएंगे।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्किंग निर्माण में निर्धारित गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन किया जाए। प्रवेश और निकास व्यवस्था को तकनीकी रूप से सुरक्षित व सुगम बनाया जाए। नीलकंठ महादेव क्षेत्र में निर्माण से पहले जियो टेक्निकल सर्वे अनिवार्य रूप से कराने पर भी जोर दिया गया।

पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए समिति ने पीपलकोटी, तिलवाड़ा और ऊखीमठ नगर पंचायतों की पेयजल योजनाओं को मंजूरी दी। इन परियोजनाओं पर क्रमशः ₹2438.32 लाख, ₹3986.24 लाख और ₹2578.52 लाख की लागत आएगी। साथ ही लालकुआं में ₹37.95 लाख की लागत से सीवर लाइन परियोजना को भी स्वीकृति मिली।

मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल योजनाओं में मीटरिंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए, ताकि जल प्रबंधन अधिक प्रभावी हो सके। बैठक में लोक निर्माण विभाग की काठगोदाम बाईपास परियोजना को भी मंजूरी दी गई।

राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत आने वाले इस 3.5 किलोमीटर लंबे मार्ग और 75 मीटर स्पान के सेतु निर्माण पर ₹1177.93 लाख खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्रीय यातायात में सुधार की उम्मीद है।

बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, दिलीप जावलकर, रणवीर सिंह चौहान आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!