देहरादून

Dehradun: प्रदेश में आधिकारी करेंगे खाद्य आपूर्ति की निगरानी

देहरादून। वैश्विक परिदृश्य में उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश में खाद्य एवं रसद आपूर्ति व्यवस्था पर कड़ी निगरानी के लिए अहम कदम उठाया है। सीएम के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र (एसईओसी) में अगले आदेशों तक के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विशेषज्ञों की तैनाती कर दी है।

राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों और विशेषज्ञों का मुख्य दायित्व प्रदेश में खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, आपूर्ति श्रृंखला और वितरण प्रणाली की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करना होगा। साथ ही खाद्य एवं रसद से जुड़ी सूचनाओं का नियमित संकलन, उनका विश्लेषण व संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

निर्धारित रोस्टर के तहत तैनात अधिकारी एसईओसी में नियमित रूप से उपस्थित रहकर प्रतिदिन खाद्य एवं रसद की स्थिति की समीक्षा करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर वे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जरूरी कदम भी उठाएंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में खाद्यान्न, एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न होने पाए। स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। राज्य सरकार सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रही है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!