जागड़ा पर्व को लेकर महाराज ने अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने हनोल में 26 अगस्त से आयोजित होने वाले जागड़ा पर्व की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
हनोल स्थित महासू महाराज व दसउ में चालदा महाराज में 26 व 27 अगस्त को जागड़ा पर्व की तैयारियों के तहत सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, परिवहन, सुरक्षा, पार्किंग, टै्रफिक आदि की व्यवस्था की जानी है। वहीं जागड़ा पर्व के लिए पूर्व की भांति जौनसार बावर व उत्तरकाशी क्षेत्र के विद्यालयों में सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया जाना है।
गैरसैंण में विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करने के लिए रवाना होने से पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सचिव पर्यटन, जिलाधिकारी, एसएसपी और एसडीएम चकराता से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महाराज ने जागड़ा पर्व में हिमाचल से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन सुविधा को लेकर हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भी पत्र लिखा। कहा कि शिमला से हनोल-दसउ, नेरुवा-हनोल-दसउ वा पौंटा-हनोल-दसउ आने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बस सेवाओं को संचालन किया जाए।