देहरादूनः इंटेंसिव केयर सेंटर बाल पुनर्वास में बड़ा कदम

देहरादून। जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी पहल के तहत “आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर” विधिवत शुरू हो गया है। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री ने इस केंद्र का लोकार्पण किया। केंद्र की स्थापना साधुराम इंटर कॉलेज में लगभग 157.60 लाख रुपये की लागत हुई है।
इस केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य भिक्षावृत्ति और बालश्रम में संलिप्त बच्चों का पुनर्वास कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। यहां बच्चों के समग्र विकास के लिए योग, संगीत, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनके मानसिक एवं व्यवहारिक सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन की पहल से अब तक 325 से अधिक बच्चों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि 200 से अधिक बच्चों का विभिन्न विद्यालयों में नामांकन कराया गया है। यह पहल बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
भिक्षावृत्ति और बालश्रम उन्मूलन के लिए एक विशेष अंतर विभागीय टीम का गठित की गई है, जिसमें होमगार्ड, पुलिस, शिक्षा और श्रम विभाग और संस्थाएं शामिल हैं। शहर में तीन विशेष रेस्क्यू वाहन और प्रमुख स्थलों पर होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
मौजूदा समय में यह केंद्र न केवल बच्चों के पुनर्वास का माध्यम बन रहा है, बल्कि समाज के वंचित वर्ग को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हो रहा है।



