देहरादूनः बालिकाओं और सवासिनियों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
जिला प्रशासन ने नारी और बालिका निकेतन लिए आयोजित की एक्सपोजर विजिट

देहरादून। संरक्षण गृहों को केवल आश्रय नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाले सशक्त मंच के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। मुख्यमंत्री की प्रेरणा और जिलाधिकारी सविन बंसल के मार्गदर्शन में नारी निकेतन और बालिका निकेतन की संवासिनियों व बालिकाओं के लिए विशेष एक्सपोजर विजिट आयोजित की गई। जिसने उनके मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक सशक्तिकरण को नई दिशा दी।
इस अभिनव प्रयास का उद्देश्य केवल भ्रमण नहीं, बल्कि संरक्षण गृहों में रह रहीं महिलाओं और बालिकाओं को समाज के सामान्य वातावरण से जोड़ना, उनके आत्मसम्मान को सुदृढ़ करना और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
भ्रमण के दौरान नारी निकेतन की संवासिनियों को क्रॉसरोड मॉल में देशभक्ति फिल्म ‘बॉर्डर-2’ दिखाई गई। उन्हें सामूहिक रूप से भोजन और मॉल के विभिन्न प्रतिष्ठानों का अवलोकन भी कराया गया। यह अनुभव उनके लिए सामाजिक सहभागिता और आत्मविश्वास की नई अनुभूति लेकर आया।
वहीं बालिका निकेतन की बालिकाओं को सिल्वर सिटी, पेसिफिक मॉल और राष्ट्रपति निकेतन का शैक्षिक व ऐतिहासिक भ्रमण कराया गया। फिल्म प्रदर्शन, जलपान, सुरक्षा और देखरेख की समुचित व्यवस्था के बीच बालिकाओं ने सीखने और देखने के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि यदि असहाय महिलाओं और अनाथ बालिकाओं को सम्मानजनक सामाजिक वातावरण और स्नेह मिले, तो उनका पुनर्वास अधिक स्थायी और प्रभावी बनता है। जिला प्रशासन भविष्य में भी ऐसे मानवीय और प्रेरणादायी प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाएगा।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा समेत स्टॉफ ने पूरे कार्यक्रम को सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित व सफलतापूर्वक संपन्न कराया।



