Breaking: अंकिता के माता-पिता से करूंगा बातः सीएम धामी
उनकी भावनाओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर लेंगे आगे का निर्णय

देहरादून। चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के ताजा विवाद मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मीडिया से मुखातिब हुए। कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। सरकार ने इस दिशा में पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया।
मंगलवार को मुख्यमंत्री ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध की निष्पक्ष व गहन जांच के लिए महिला अधिकारी पी रेणुका देवी की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया था। जिसने सभी पहलुओं की गहराई से जांच की। न्यायालय में सरकार की सशक्त और प्रभावी पैरवी की बदौलत तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एसआईटी की जांच पर निचली अदालत से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने भी संतोष व्यक्त किया। जो जांच की निष्पक्षता और मजबूती को दर्शाता है। धामी ने कहा कि वर्तमान में कथित ऑडियो क्लिप के आधार पर प्रदेश में अनावश्यक माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वास्तविकता यह है कि न्यायिक प्रक्रिया पूरी गंभीरता से अपने निष्कर्ष तक पहुंच चुकी है और दोषियों को कड़ी सजा मिल चुकी है।
सीबीआई जांच पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यद्यपि पूरे प्रदेश की जनता की भावनाएं बेटी अंकिता के साथ जुड़ी हुई हैं, लेकिन इस दुखद घटना से सबसे अधिक प्रभावित उसके माता-पिता हैं। कहा कि वे स्वयं अंकिता के माता-पिता से बात करेंगे। उनकी भावनाओं, पीड़ा और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ही आगे कोई निर्णय लिया जाएगा।



