Dehradun: साढे़ 11 हजार में बना फर्जी जन्म प्रमाणपत्र, होगी जांच

janta Darshan : देहरादून। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में 162 शिकायतें प्राप्त हुई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन में ईदगाह निवासी वरिष्ठ नागरिक दुलीचंद ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए कचहरी स्थित एक स्टाम्प वेंडर/टाइपिस्ट को अपने दस्तावेज दिए थे।
आरोप है कि टाइपिस्ट ने जिसके लिए उनसे 11,500 रुपये लिए और एक माह बाद प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। आधार कार्ड अपडेट कराने के दौरान नगर निगम में जांच के दौरान जन्म प्रमाण पत्र को फर्जी बता कर निरस्त कर दिया गया। बताया कि अब अपने पैसे वापस मांगने पर धमकाया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी ने नगर निगम और पुलिस को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
मोथोरोवाला निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने पुत्र और पुत्रवधू द्वारा मारपीट, मानसिक उत्पीड़न किए जाने की शिकायत की। जिसका डीएम कोर्ट में भरणपोषण एक्ट में केस दर्ज है। उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा थाना नेहरू कॉलोनी को कार्यवाही के लिए पत्र प्रेषित किया गया, लेकिन थाना नेहरू कॉलोनी और बाईपास चौकी के बीच बार-बार भेजे जाने से अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अपर जिलाधिकारी ने सीओ डालनवाला को मामले में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
हर्रावाला निवासी लक्ष्मणदास ने शिकायत में बताया कि उनके द्वारा भूमि क्रय करने के लिए अनुबन्ध कर दो लाख रुपये नकद दिए थे। अनुबंध में रास्ता 15 फीट बताया गया था, जबकि मौके पर रास्ता 12 फीट ही है। पैसे वापस मांगने पर सम्बन्धित डीलर द्वारा धमकाया जा रहा है। एडीएम ने सीओ डोईवाला को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अनारवाला निवासी सागर थापा ने शिकायत की कि स्थानीय व्यक्ति ने हांगकांग में नौकरी का झांसा देकर चार लाख लिए और 10 महीने ो बहाने बना रहा है। जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को पत्राचार किया गया है।
बापूनगर जाखन निवासी सुनीता खंडूरी ने बताया कि अगस्त 2025 में अतिवृष्टि के कारण रास्ता व पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया था। घर को भी खतरा है। जिस पर अधीक्षण अभियंता प्रांतीय खण्ड को कार्यवाही के निर्देश दिए। अवगत कराया गया कि 18.89 लाख का आगणन तैयार कर दिया गया है, जल्द कार्य प्रारम्भ हो जाएगा।
मौके पर उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उपनगर आयुक्त संतोष पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी के.के अग्रवाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।



