Dehradun: निकायकर्मियों का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताः सीएम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की ओर से आयोजित आभार रैली में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों से मिले सम्मान को प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित किया।
बुधवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में कर्मचारियों की अहम भूमिका होती है। विशेष रूप से नगर निकाय कर्मचारियों की जिम्मेदारी अहम है। उनके सतत प्रयासों से ही शहरों और कस्बों में स्वच्छता और बुनियादी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा निभाई गई सेवाओं को मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड आस्था, संस्कृति और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, जहां चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान नगर निकायों की भूमिका और अधिक बढ़ जाती है। आश्वस्त किया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के सशक्तिकरण, सुरक्षा और संतुष्टि के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से सकारात्मक निर्णय लिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने निकाय कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। इनमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय ₹500 प्रतिदिन करना, चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय, वर्दी एवं स्नोबूट के लिए ₹2,500 की सहायता, स्वास्थ्य योजनाओं के लिए प्रावधान और ₹5 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस शामिल है। साथ ही ईपीएफ और ईएसआई लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संविदा कर्मचारियों का वेतन ₹7,500 से बढ़ाकर ₹15,000 किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजनाकृसे विकास को नई गति मिली है। राज्य सरकार इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, मोर्चा के मुख्य संयोजक सुरेन्द्र तेश्वर, सह संयोजक संतोष गौरव, नरेश वेद आदि मौजूद रहे।



