देहरादूनः जनता दर्शन में डीएम ने सुनी बुजुर्गों की फरियाद

Dehradun News : देहरादून। कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन में सोमवार को 150 से अधिक शिकायतें दर्ज हुई। शिकायतों में अधिकांश मामले भूमि विवाद, नगर निगम, एमडीडीए, लोनिवि, जिला पंचायत, पुलिस, वन, विद्युत से जुड़े थे। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कई शिकायतों को मौके पर ही निस्तारण किया।
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जन सुनवाई के दौरान चुक्खुवाला निवासी परित्यक्ता महिला सुशीला देवी ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ मायके रहती है, मकान जीर्णशीर्ण हो गया है, आय का कोई साधन नही है। उनके घर की मरम्मत के अनुरोध पर डीएम ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को घर के लिए आपदा मद से प्रस्तावित करने, मुख्य चिकित्साधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी को महिला का उपचार कराने के निर्देश दिए।
प्रेमनंगर निवासी भरत सिंह बुटोला ने बताया कि वर्ष 2012 में खरीदी गई संपत्ति पर अब कब्जा नही दिया जा रहा है। जिस पर डीएम ने तहसीलदार विकासनगर को कार्यवाही के निर्देश दिए। कांसवाली प्रेमनगर निवासी शिव देवी ने बताया कि द्वारा अंगूठा लगवा कर सम्पत्ति अपने नाम करा ली है।
सावित्री देवी ने बताया कि बेटा उनको घर से बाहर निकाल रहा है। बेटी अंजू को उसके पिता ने एक बीघा भूमि दी थी तब भी बेटे द्वारा उनको और बेटी को परेशान किया जा रहा है। जिसपर जिलधिकारी ने तहसीलदार विकासनगर को आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बजुर्ग कलम सिंह कृषाली ने बेटे द्वारा प्रताड़ित करने की शिकायत की, जिस पर उपजिलाधिकारी डोईवाला को भरणपोषण अधिनियम में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। राजेश्वरी देवी ने बताया कि उनका बेटा व पोता दिव्यांग है। उनके द्वारा आर्थिक सहायता का अनुरोध किया गया।
हरिपुर ऋषिकेश निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग भगवती प्रसाद ने गुहार लगाई कि उनके घर पर नाली नही बना रहे हैं। जिस पर डीएम ने जिला पंचायतराज अधिकारी, एएमएनए जिला पंचायत से आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बद्रीपुर निवासियों द्वारा बंदर के आतंक से निजात दिलाने, लखवाड़़ निवासी लदुर सिंह ने बांध प्राभावित की अनुग्रहित मुआवजा राशि नही मिलने की गुहार लगाई।
मौकेपर अपर जिलाधिकारी वित्त एंव राजस्व के.के मिश्रा, अपर नगर आयुक्त नगर निगम रजा अब्बास, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, विनोद कुमार, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलधिकारी कुमकुम जोशी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।