Dehradun: DM और SSP ने देखी राज्य स्थापना दिवस की तैयारियां

देहरादून। राज्य स्थापना दिवस (रजत जयंती समारोह) को भव्य रूप से मनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पुलिस लाइन रेसकोर्स में आयोजित होने वाली पुलिस रैतिक परेड और 8 नवम्बर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने मंच, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और आमंत्रित अतिथियों के स्वागत की तैयारियों की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं। साथ ही उन्होंने स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और शांति व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पुलिस बल की ड्यूटी, परेड रिहर्सल और सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य स्थापना दिवस पर पुलिस लाइन में आकर्षक परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य पुलिस की विभिन्न इकाइयां भाग लेंगी।
मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह आदि भी मौजूद रहे।



