उत्तराखंड

Breaking: धामी सरकार में विभागों का बंटवारा

पुराने और नए मंत्रियों को कौन से विभाग मिले, देखें सूची

देहरादून। उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभागों का बंटवारा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण और सूचना एवं जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं। इन विभागों को सरकार की कार्यप्रणाली का आधार माना जाता है, जिनके जरिए प्रशासनिक नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर सीधी निगरानी बनी रहती है।

मंत्रिमंडल में लंबे समय से रिक्त पदों और पूर्व मंत्रियों के इस्तीफे और निधन के कारण कई विभाग मुख्यमंत्री के पास ही थे। हाल ही में कैबिनेट विस्तार के तहत खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, जिसके बाद विभागों को फिर से बांटा गया।

सतपाल महाराज को लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, सिंचाई, लघु सिंचाई और सामान्य प्रशासन से जुड़े कार्य दिए गए हैं। गणेश जोशी को कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि विपणन, उद्यान, रेशम विकास और सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डॉ. धन सिंह रावत को विद्यालयी शिक्षा (प्राथमिक व माध्यमिक), उच्च शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और सहकारिता विभाग दिए गए हैं। सुबोध उनियाल को वन, निर्वाचन, संसदीय कार्य और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी मिली है। रेखा आर्य को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल और युवा कल्याण विभाग सौंपे गए हैं।

सौरभ बहुगुणा को पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास, चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल और कौशल विकास की जिम्मेदारी दी गई है। खजान दास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण और भाषा विभाग मिला है। भरत सिंह चौधरी को ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम और खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग सौंपे गए हैं।

मदन कौशिक को पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष और जनगणना से जुड़े कार्य दिए गए हैं। प्रदीप बत्रा को परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और जलागम प्रबंधन विभाग सौंपा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!