देहरादून: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

देहरादून। राजधानी में आजादी का पर्व स्वतंत्रता दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रतिभाग करेंगे। जिला प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बुधवार को परेड ग्राउंड में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नोडल अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य मंच से लेकर पुलिस परेड, ध्वजारोहण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, राज्य आंदोलनकारी, गणमान्य नागरिक, महानुभावों व मीडिया प्रतिनिधियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों और उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। बताया कि कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।
इससे पूर्व अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा ने नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के बारे में पूरी जानकारी दी। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम हरिगिर, एसडीएम अर्पणा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी समेत लोनिवि, पर्यटन, उद्यान, पूर्ति और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।