देहरादून

Dehradun: 210 करोड़ से अधिक के विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में विकास प्रस्तावों को वित्तीय मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को परियोजनाओं के लिए समयसीमा तय कर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देशर दिए।

बैठक में जनपद चंपावत स्थित रोडवेज स्टेशन परिसर में ₹64.94 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग व शॉपिंग कॉम्प्लैक्स के निर्माण को मंजूरी दी गई। परियोजना का नाम “सिटी सेंटर चम्पावत” रखा जाएगा। इसमें यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं, स्थानीय उत्पादों के विपणन की व्यवस्था और बसों व टैक्सियों के लिए समुचित पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी।

जनपद टिहरी गढ़वाल के मुख्यालय की माल रोड पर फसाड कार्य, रेलिंग, पाथ-वे, स्ट्रीट लाइट और शौचालय निर्माण के लिए ₹11.25 करोड़ की स्वीकृति दी गई, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।

शिक्षा क्षेत्र में शैक्षिक सत्र 2025-26 के दौरान कक्षा 1 से 12 तक के राजकीय व सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराने के लिए ₹52.84 करोड़ स्वीकृत किए गए।

इसके अतिरिक्त लोहाघाट (चम्पावत) में किमतोली-रौशाल मोटर मार्ग के हॉट मिक्स कार्य के लिए ₹12.15 करोड़, किच्छा (ऊधमसिंह नगर) में एनएच-109 से एसएच-44 तक सड़क पुनर्निर्माण के लिए ₹23.12 करोड़ और शिमला पिस्तौर-कुरैया मार्ग सुधार के लिए ₹20.17 करोड़ की मंजूरी दी गई।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में दो डबल लेन सेतुओं के निर्माण के लिए क्रमशः ₹13.22 करोड़ और ₹12.46 करोड़ स्वीकृत किए गए।

बैठक में सचिव नितेश झा, डॉ पंकज कुमार पाण्डे, डॉ आर. राजेश कुमार, वी. षणमुगम, विशेष सचिव अजय मिश्रा, मेलाधिकारी सोनिका आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!