देहरादूनः विकास कार्यों के लिए करोड़ों की धनराशि मंजूर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में सड़क, स्वास्थ्य, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन सुरक्षा और नगरीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इन योजनाओं से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा।
जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी के विकासखंड पाबौ में एस.सी.एस.पी. के अंतर्गत बेड़ा का जगड़ मोटर मार्ग के 1.00 से 5.00 किलोमीटर तक सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण के लिए ₹3.58 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं जनपद हरिद्वार के राजकीय उपजिला चिकित्सालय रुड़की में विद्युत कार्यों के लिए ₹3.93 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
राज्य योजना के अंतर्गत देहरादून जनपद के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में न्यू कैंट मोटर मार्ग को सालावाला पुल से विजय कॉलोनी पुल तक दो लेन से 10.50 मीटर चौड़ा करने के लिए ₹16.87 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के तटबंधों पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹15.69 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई है। नगर निगम ऋषिकेश में लीगेसी वेस्ट निस्तारण के लिए ₹6.79 करोड़ और नगर निगम पिथौरागढ़ में देवभूमि रजत जयंती पार्क निर्माण के लिए ₹9.81 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
टनकपुर में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस और कम्यूनिटी हॉल निर्माण के लिए ₹14.24 करोड़ स्वीकृत करते हुए पहली किस्त के रूप में ₹1 करोड़ जारी करने को भी अनुमोदन दिया गया है। मुख्यमंत्री ने चारधाम और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए एआई आधारित फेशियल रिकग्निशन सिस्टम और डाटा एनालिटिक्स सॉफ्टवेयर पांच जनपदों में स्थापित करने के लिए ₹4.45 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की है।



