उत्तराखंडः सरकारी योजनाएं अब एक मंच पर उपलब्ध
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘माय स्कीम पोर्टल’ का किया अनावरण

देहरादून। माय स्कीम पोर्टल से नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल, सुलभ और तेजी से उपलब्ध हो सकेगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पोर्टल को डिजिटल सुशासन की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार “मेरी योजना” पुस्तकों में प्रकाशित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अब इस पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेशवासियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन और प्रमाणिक जानकारी एक ही मंच पर प्रदान करना है, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
‘माय स्कीम पोर्टल’ के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और संबंधित विभागों की विस्तृत जानकारी एक स्थान पर प्राप्त होगी। इससे न केवल पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने स्तर पर पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के प्रयास करें। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।



