मिलकर विश्व में पहुंचाना है हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांडः धामी
मुख्यमंत्री ने किया हाउस ऑफ हिमालयाज के ई-कॉमर्स पोर्टल का शुभारंभ
देहरादून 12 मार्च 2024। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने हाउस ऑफ हिमालयाज (House of Himalayas) के ई-कॉमर्स पोर्टल (E-Commerce Portal) का शुभारंभ किया। उन्होंने हाउस आफ हिमालय पर आधारित वीडियो और वेब पोर्टल का अवलोकन भी किया।
मंगलवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन्वेस्टर समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाउस आफ हिमालयाज ब्रांड का शुभारंभ किया गया था। कहा कि हाउस ऑफ़ हिमालयाज उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों का एक ब्रांड है, जिसे हम सबने मिलकर देश के साथ पूरे विश्व में पहुंचाना है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार होने से यह निश्चित ही जन जन तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाउस ऑफ़ हिमालयाज महज एक ब्रांड नहीं बल्कि राज्य में हजारों मातृशक्ति की आजीविका का साधन है। विभिन्न स्वयं सहायता समूह व उनके उत्पाद इससे जुड़े हैं। हाउस आफ हिमालयाज से निश्चित ही स्थानीय उत्पादों को पंख लगेंगे।
सचिव राधिका झा ने जानकारी में बताया कि प्रथम चरण में 21 उत्पादों को हाउस ऑफ़ हिमालयाज में लिया गया है। साथ ही तीन लेवल पर उत्पादों का क्वालिटी चेक किया जा रहा है। बताया वेब पोर्टल में विभिन्न उत्पादों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी गई है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, राधिका झा, सचिव पंकज पांडे, सचिव अरविंद ह्यांकी, नीरज खैरवाल, दीपेंद्र चौधरी, अपर सचिव मनुज गोयल आदि मौजूद थे।