उत्तराखंड में पावर लॉस पर नपेंगे जिम्मेदार अधिकारी
सीएम ने अधिकारियों को विद्युत चोरी रोकने के दिए कड़े निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विद्युत वितरण लॉस को न्यूनतम करने और बिजली चोरी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। कहा कि वितरण लॉस में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सचिवालय सभागार में पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी ग्रीष्मकालीन सीजन को देखते हुए यूजेवीएनएल, पिटकुल और यूपीसीएल को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। कहा कि आवश्यक औपचारिकताएं मार्च तक पूर्ण कर ली जाएं, ताकि अप्रैल तक परियोजनाओं का शुभारंभ किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने सीएसआर मद में प्राप्त धनराशि के लिए पृथक खाता खोलने और उसका अधिकतम व रचनात्मक उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विभिन्न जनपदों में एडीबी पोषित उपकेंद्रों से जुड़े प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
एडीबी पोषित द्वितीय चरण के तहत बहादराबाद (हरिद्वार), कोटद्वार (पौड़ी), भिकियासैंण (अल्मोड़ा), कपकोट (बागेश्वर) और नंदप्रयाग (चमोली) में भूमि आवंटन व स्थानांतरण की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के लिए संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणाओं के अंतर्गत शिलान्यास की गई सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने और उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पिटकुल के प्रबंध निदेशक यूसी ध्यानी ने बताया कि एशियाई विकास बैंक (एडीबी) पोषित 220 व 132 केवी उपसंस्थानों की परियोजनाएं मंगलौर, सेलाकुई, आराघर, खटीमा, धौलाखेड़ा, लोहाघाट और सरवरखेड़ा में निर्माणाधीन हैं। वहीं, नॉन-एडीबी पोषित 400, 220 और 132 केवी उपसंस्थानों की परियोजनाएं पीपलकोटी, घनसाली, बनबसा, रानीहाट, ऋषिकेश, अल्ट्राटेक और सिमली में प्रगति पर हैं।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव पंकज पांडेय, सी. रवि शंकर, विनय शंकर पांडेय, यूजेवीएनएल प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल, यूपीसीएल प्रबंध निदेशक अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।



