खेल

सीएम ने 37वें राष्ट्रीय खेलों के लिए खिलाड़ियों को किया फ्लैग ऑफ

बोले- हर कदम पर खिलाडियों के साथ खड़ी है राज्य सरकार

देहरादून। मुख्यमंत्री आवास में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेल के लिए उत्तराखंड के खिलाड़ियों के दल को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। खिलाड़ियों को किट व ट्रैक सूट वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खिलाड़ी अपने मनोबल व लगन से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे। कहा इस वर्ष खेल विधाओं व खिलाड़ियों की संख्या में वृद्धि हुई है। राज्य में खेल संस्कृति का निरंतर विकास हो रहा है। राज्य सरकार भी राज्य में खेल संस्कृति विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाशाली और उभरते खिलाड़ियों के लिए खेल छात्रवृत्ति देने का कार्य जारी है। खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए नई खेल नीति लाई गई है। खिलाड़ियों को जमीनी स्तर से खेल क्षेत्र में रूचि लाने के लिए 14 से 23 वर्ष तक के खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 2000 प्रति माह छात्रवृत्ति व 10 हजार रुपए प्रति वर्ष संबंधति खेलों के लिए किट खरीदने के लिए दिए जा रहे है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में 08 से 14 वर्ष के उभरते खिलाड़ियों को 1500 रूपये प्रतिमाह की खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। साथ ही खिलाड़ियों को नियमानुसार त्वरित वित्तीय लाभ दिये जाने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास निधि की स्थापना भी की गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिथौरागढ़ दौरे के दौरान प्रदेश के प्रत्येक खिलाड़ी का मान बढ़ाया है। राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के प्रतियोगिता व प्रशिक्षण शिविरों में यात्रा के दौरान दुर्घटना होने पर आर्थिक सहायता की व्यवस्था की है। प्रदेश सरकार विश्वविद्यालयों में व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 5 प्रतिशत र्स्पोट्स कोटे की व्यवस्था करने के लिये नियमावली बनाने जा रही है। निजी खेल क्षेत्रों के माध्यम से खेल अवस्थापना सुविधाओं के निर्माण के लिए अनुदान दिए जाने की व्यवस्था की गई है। राज्याधीन सेवाओं में सेवायोजन के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटे को पुनः लागू किए जाने की कार्यवाही भी की जाएगी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि समय के साथ लोगों का खेल के प्रति नजरिया भी बदला है। उत्तराखंड खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प के अनुसार खेल के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हुई है। आज खिलाड़ियों के वर्तमान के साथ भविष्य भी बनाने का कार्य जारी है।

विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में इस बार राज्य की ओर से 240 सदस्यीय टीम प्रतिभाग कर रही है। जिसमें 177 खिलाड़ियों के साथ 63 टीम ऑफिशियल्स हैं। यह टीम 25 खेल विधाओं में प्रतिभाग करेगी। मौके पर उत्तराचंल ओलंपिक एसोसिएशन संघ अध्यक्ष निर्मान मुखर्जी, महासचिव डॉ. डीके सिंह, निदेशक खेल जितेंद्र कुमार सोनकर, डॉ. अलकनंदा अशोक आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button