देहरादून

बेटियां हमारी परंपराओं की मजबूत वाहकः धामी

देहरादून में सामूहिक कन्या पूजन में शामिल हुए मुख्यमंत्री

देहरादून। प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में नवरात्र के अवसर पर 1100 कन्याओं का सामूहिक पूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। कहा कि बेटियां हमारी परंपराओं की मजबूत वाहक हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नवरात्र केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और शक्ति उपासना का महापर्व है। कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी स्वरूप माना गया है। बेटियां अपने संस्कार, स्नेह और त्याग से समाज को सशक्त बनाती हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें बेटियों के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही हैं। इसके तहत छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, 12वीं उत्तीर्ण करने पर प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की योजनाएं लागू की गई हैं।

उन्होंने बताया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, वहीं कमजोर वर्गों को भी विवाह अनुदान दिया जा रहा है। सीएम ने नागरिकों से बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के बाद उन्होंने प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारा में भी मत्था टेका। मौके पर विधायक सविता कपूर, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति उपाध्यक्ष विनय रोहिला, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, छावनी परिषद उपाध्यक्ष विनोद पंवार, विनय गोयल आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!