देहरादून

अतिवृष्टि को लेकर सीएम धामी ने दिए यह निर्देश

राज्य आपदा परिचालन केंद्र से लिया प्रदेश में हालातों का जायजा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपदा परिचालन केन्द्र से प्रदेश में अतिवृष्टि का जायजा लिया। उन्होंने जिलाधिकारियों से वर्चुअल बातचीत कर जिलों में बारिश व सड़कों की स्थिति, चारधाम और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं, विद्युत, पेयजल व मूलभूत आवश्यकताओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून सीजन में सभी अधिकारी 24 घंटे अलर्ट मोड में रहें। किसी भी जान-माल के नुकसान से बचाव के लिए सुनिश्चित किया जाए कि बारिश के पूर्वानुमान का अपडेट लोगों को तुरंत मिल जाए। इसके लिए जनपद, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा से बाधित सड़कों को जल्द से जल्द खोला जाए। भू-स्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर सभी आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए रिस्पांस टाइम कम से कम किया जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान पर्वतीय जनपदों में खाद्यान्न, दवाइयों और अन्य जरूरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त स्टॉक रखा जाए। सुनिश्चित किया जाए कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। संपर्क मार्ग बाधित होने पर आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी रखी जाएं।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन सुरक्षा की दृष्टि से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। किसी जनपद से करंट लगने की शिकायतें न आएं। मुख्यमंत्री पहले ही अधिकारियों को पुलों का सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश दे चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्याएं न हों, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने नदियों के बढ़ते जल स्तर की भी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को मौसम का नियमित अपडेट दिया जाए। वर्षा के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति में श्रद्धालुओं को ठहराव स्थलों पर भोजन, पानी एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

मौके पर सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी आनन्द स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!