Dehradun : ब्रिटेन से लौटने पर मुख्यमंत्री धामी का ऐसे हुआ स्वागत

देहरादून। ब्रिटेन के दौरे से वापस लौटकर देहरादून पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान मंत्रियों और विधायकों से लेकर भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के यूनाइटेड किंगडम के दौरे से देहरादून पहुंचे। रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में मिंत्रयों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों ने सीएम का भव्य स्वागत किया। राज्य में निवेश को तेजी से बढ़ावा देने के लिए लंदन और बर्मिंघम में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुए रोड शो और बैठकों में 12 हजार 05 सौ करोड़ से अधिक के प्रस्तावों पर सहमति बनने पर सभी ने आभार जताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए यू.के. में आयोजित विभिन्न बैठकों में राज्य में लगभग 12 हजार 05 सौ करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर करार हुआ। ब्रिटेन के पर्यटन मंत्री के साथ उत्तराखंड और ब्रिटेन के बीच पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाने के लिए सहमति भी बनी।
मुख्यमंत्री के यूनाइटेड किंगडम से उत्तराखंड आगमन पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट के अलावा बड़ी संख्या में विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।