देहरादून

देहरादूनः पीएम मोदी को दोरे को लेकर प्रशासन अलर्ट

कल देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, तैयारियां पूरी

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कल (14 अप्रैल के) प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। डीएम सविन बंसल ने जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को अंतिम समय तक सतर्क और समन्वित रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को अपने अधीन सेक्टर व नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारियों के प्रति स्पष्ट रूप से ब्रीफ करने और फिर से स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और पेयजल विभाग सहित संबंधित एजेंसियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और सेफ्टी सर्टिफिकेट देने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच, साउंड सिस्टम, एलईडी, एंकरिंग और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स और प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। पंडाल में बैठने की व्यवस्था, जलपान, पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और स्वच्छता के साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।

प्रस्तावित भ्रमण मार्ग आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट और जीटीसी हेलीपैड पर भी विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को सहारनपुर के गणेशपुर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरे मार्ग को 13 जोन में विभाजित कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

बैठक में एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल, सीडीओ अभिनव शाह, एडीएम (वि.रा) केके मिश्रा, एसपी लोकजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम सदर हरिगिरि, स्मृता परमार, अपूर्वा सिंह, कुमकम जोशी, विनोद कुमार, योगेश मेहरा समेत जोनल अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button