देहरादूनः एक गैस एजेंसी संचालक पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। एलपीजी सिलेंडरों की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी के जिला प्रशासन के निर्देशों की अवेहलना एक गैस एजेंसी को भारी पड़ी है। क्यूआरटी टीम ने सिलेंडर जब्त कर एजेंसी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एलपीजी गैस की कालाबाजारी को रोकने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर क्यूआरटी टीमों ने रविवार को गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्देशों की अवहेलना मिलने पर शिमला बाईपास रोड स्थित शहीद हीरा गैस एजेंसी से सिलेंडर जब्त करने के साथ एजेंसी संचालक पर मुकदमा दर्ज किया गया।
जिलाधिकारी को शिकायत मिली थी कि एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी के बजाय उपभोक्ताओं को सीधे गोदाम से गैस सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जिससे एजेंसी परिसर में भारी भीड़ लग रही है, और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
जिसके बाद एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में तहसीलदार विकासनगर और जिला पूर्ति विभाग की टीम ने जांच में पाया गया कि हीरा गैस सर्विस, नया गांव पेलियो में घरेलू गैस सिलेंडर ट्रक के माध्यम से गोदाम से ही वितरित किए जा रहे थे।
प्रशासन ने इसे होम डिलीवरी संबंधी निर्देशों की अवहेलना मानते हुए एजेंसी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही मौके से गैस सिलेंडर जब्त कर जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में दे दिए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार जिले में एलपीजी आपूर्ति की लगातार निगरानी की जा रही है। रविवार को लगभग 18,120 घरेलू और 21 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि घरेलू सिलेंडरों में करीब 75 हजार का बैकलॉग बताया गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से गैस वितरण और आपूर्ति व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के लिए कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए हैं। इन माध्यमों से शाम 5 बजे तक कुल 111 शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर जिला पूर्ति विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।



