देहरादूनः जनता दर्शन में डीएम तक पहुंची 170 शिकायतें

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में कुल 170 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, असहाय और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी डीएम कार्यालय के साथ-साथ शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए।
जनता दर्शन में बंजारावाला निवासी कल्पना ने अपनी पुत्री विदुषी की स्कूल फीस जमा न होने के कारण परीक्षा में बैठने से रोके जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय प्रबंधन से समन्वय कर छात्रा को परीक्षा में बैठने की अनुमति दिलाने और जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के अंतर्गत फीस जमा कराने के निर्देश दिए।
जवाहर कॉलोनी, बल्लूपुर निवासी शमशाद ने वर्ष 2023 की दुर्घटना में पैर क्षतिग्रस्त होने के कारण आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन स्वीकृत करने और रायफल फंड से सहायता देने के निर्देश दिए गए।
वहीं चकराता तहसील के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने पीएमजीएसवाई के तहत बनी सड़क से कृषि भूमि और नहर को नुकसान होने तथा 5.04 लाख रुपये का भुगतान लंबित होने की शिकायत की। अधिकारियों ने 12 मार्च तक समाधान का आश्वासन दिया।
खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल के दिव्यांग पुत्र के उपचार के लिए रायफल फंड से सहायता और स्पॉन्सरशिप योजना के तहत चार हजार रुपये प्रतिमाह की मदद देने के निर्देश दिए गए। गढ़ीकैंट डाकरा निवासी एक बुजुर्ग की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उनके नशेड़ी पुत्र के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा।
इसी तरह धर्मपुर के बुजुर्ग दंपति की बहू द्वारा प्रताड़ना की शिकायत पर भी अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। राजीवनगर की विधवा अरुणा के 34,395 रुपये के पेयजल बिल का निस्तारण कर राशि रायफल फंड से देने के निर्देश दिए गए।
मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, एसडीएम मुख्यालय अपूर्वा सिंह, एसडीएम न्याय कुमकुम जोशी आदि अधिकारी मौजूद रहे।



