
Teelu Rauteli Award : देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस वर्ष 14 महिलाओं को राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली और 35 को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार प्रदान किया। सभी को 51-51 हजार रुपये की धनराशि दी गई।
मंगलवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली ने 15 वर्ष की उम्र में युद्धभूमि में अपने रण कौशल से विरोधियों को परास्त किया था। अपूर्व शौर्य, संकल्प और साहसी तीलू रौतेली को उत्तराखंड की झांसी की रानी कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। उन्होंने 15 से 22 वर्ष की आयु के मध्य सात युद्ध लड़े और अपनी वीरता और रण कौशल का परिचय दिया।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने तीलू रौतेली पुरुस्कार की धनराशि 31 हजार से बढ़ाकर 51 हजार और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरुस्कार की धनराशि 21 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपये की है। कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति मजबूत करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय 7500 से 9300 रुपये किया है। मिनी आंगनबाड़ी बहनों के मानदेय को भी 4500 से 6250 और सहायिकाओं का मानदेय 3550 से 5250 रुपये किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक कार्य किये जा रहे हैं। लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, शौचालयों का निर्माण, महिला स्वयं सहायता समूह के लिए विशेष कोष का गठन जैसे अनेक कार्य किए गए हैं।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली के जन्मदिवस पर आधुनिक तीलू रौतेली व आंगनबाडी कार्यकत्रियों का सम्मान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महिला सशक्तीकरण के लिए राज्य में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि सामाजिक भेदभाव समाप्त कर ही समाज में महिलाओं की तरक्की सुनिश्चित हो सकती है।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास हरि चन्द्र सेमवाल समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।