देहरादून

देहरादूनः ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ में दौड़े 1000 प्रतिभागी

देहरादून। परेड ग्राउंड में रविवार को ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 61वें संस्करण का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य फिटनेस को जनआंदोलन बनाना, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

आयोजन का संचालन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और युवा एवं खेल मंत्रालय व अन्य सहयोगी संस्थाओं द्वारा किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक स्कूली छात्र, युवा, पेशेवर, वरिष्ठ नागरिक और फिटनेस प्रेमी शामिल रहे।

कार्यक्रम में भारतीय बॉक्सिंग की उभरती हैवीवेट खिलाड़ी नूपुर श्योराण, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी गोलकीपर एवं कोच योगिता बाली, ओलंपियन रेस वॉकर मनीष सिंह रावत, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित बास्केटबॉल खिलाड़ी विशेष भृगुवंशी और तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड से सम्मानित पर्वतारोही ताशी मलिक ने प्रतिभागियों से संवाद कर नियमित व्यायाम और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया।

इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए खेल भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल की शुरुआत दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया द्वारा की गई थी। देशभर में अब तक लाखों लोग इस अभियान से जुड़ चुके हैं। #FightObesity और #PollutionKaSolution जैसे संदेशों के माध्यम से यह पहल स्वस्थ जीवनशैली और कार्बन फुटप्रिंट कम करने के लिए प्रेरित कर रही है।

कार्यक्रम में साइकिलिंग के साथ योग सत्र, वार्म-अप ड्रिल और सामुदायिक संवाद भी आयोजित किए गए, जिससे यह आयोजन एक समग्र स्वास्थ्य उत्सव बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!