
देहरादून/चंपावत। भारत-नेपाल सीमा पर बनबसा (गुदमी) क्षेत्र में प्रस्तावित आधुनिक लैंड पोर्ट के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के लंबे प्रयासों के बाद परियोजना अब साकार होने की ओर बढ़ रही है। लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से बनने वाले इस पोर्ट का शिलान्यास जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बालेन शाह करेंगे।
करीब ₹500 करोड़ की लागत वाली परियोजना के लिए पर्यावरण मंजूरी, 84 एकड़ वन भूमि हस्तांतरण सहित प्रमुख औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। प्रस्तावित लैंड पोर्ट में कस्टम, इमिग्रेशन, सुरक्षा, कार्गो और यात्री टर्मिनल जैसी सभी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे सीमा पार आवागमन और व्यापार अधिक सुगम व सुरक्षित होगा।
महाराज के अनुसार, इस परियोजना से स्थानीय किसानों और उत्पादकों को नेपाली बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी, परिवहन लागत घटेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, यह लैंड पोर्ट भारत-नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती देगा।



