देहरादूनसाहित्य

सीएम ने किया दून बुक फेस्टिवल का शुभारंभ

देहरादून। दून बुक फेस्टिवल-2026 का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने प्रकाशकों के स्टॉल का अवलोकन किया। इस अवसर पर गढ़वाली और कुमाऊंनी पुस्तकों का विमोचन भी किया।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित नौ दिवसीय महोत्सव में देशभर से आए साहित्यकारों, कलाकारों और साहित्य प्रेमियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे साहित्य, संस्कृति और कला का अद्भुत संगम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव के दौरान विभिन्न सत्रों, संवाद कार्यक्रमों, पुस्तक परिचर्चाओं और “लेखक से मिलिए” जैसे आयोजनों के माध्यम से साहित्यिक विमर्श को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बच्चों के लिए बनाए गए “चिल्ड्रेन पवेलियन” को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी में पढ़ने की रुचि विकसित होगी।

उत्तराखंड की समृद्ध साहित्यिक परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह देवभूमि सदैव ज्ञान और सृजन का केंद्र रही है। राज्य सरकार साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए “उत्तराखण्ड साहित्य गौरव सम्मान” और “साहित्य भूषण” जैसे पुरस्कारों के साथ-साथ ग्रंथ प्रकाशन हेतु अनुदान भी दे रही है तथा साहित्य ग्रामों की स्थापना की दिशा में कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने पुस्तकों को ज्ञान का स्थायी स्रोत बताते हुए नागरिकों से पुस्तकों और पौधों को उपहार स्वरूप अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को पुनः स्थापित कर रहा है और यह महोत्सव उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, आचार्य बालकृष्ण, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के अध्यक्ष प्रो. मिलिन्द मराठी, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के निदेशक युवराज मलिक, देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष अमन बंसल मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button