श्रावण मास में सीएम धामी ने किया बाबा केदार का रुद्राभिषेक
दर्शनों के बाद धाम में जारी पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ धाम पहुंच कर बाबा भोलेनाथ के दर्शनों के साथ ही धाम में पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक व विशेष पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने केदारपुरी में पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। केदारनाथ पहुंचने पर गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे, आईजी पुलिस करन सिंह नगन्याल, जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार व पुलिस अधीक्षक डॉ विशाखा ने हैलीपैड पर सीएम धाम की आगवानी की। इसके बाद मुख्यमंत्री तीर्थ पुरोहित समाज एवं मुख्य पुजारी से भी मिले।
केदारनाथ मंदिर में करीब 20 मिनट पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों से मिले। धाम के मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग का आशीर्वाद लिया। तीर्थ पुरोहितों के साथ निर्माण व अन्य कार्यों पर चर्चा कर सुझाव मांगे। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता का ध्यान रखने और सभी काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर बीकेटीसी के सीईओ योगेन्द्र सिंह, प्रभारी कार्यकारी अधिकारी आरसी तिवारी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, अनूप सेमवाल, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, विनोद शुक्ला, किशन बगवाड़ी, उमेश पोस्ती, केशव तिवारी, दिनेश बगवाड़ी आदि मौजूद रहे।