31 मार्च तक निस्तारित होंगे आयुष्मान अस्पतालों के दावे

देहरादून। आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों के लंबित दावों का निस्तारण 31 मार्च तक हर हाल में कर दिया जाएगा। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने इसके लिए विशेष अभियान शुरू किया है। संबंधित कार्मिकों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण अध्यक्ष अरविंद सिंह ह्यांकी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा संचालित ट्रांजैक्शन मैनेजमेंट सिस्टम (टीएमएस) पोर्टल में तकनीकी दिक्कतों, त्रुटिपूर्ण प्रस्तुतीकरण और अन्य कारणों से वर्ष 2024-25 के हजारों दावे लंबित हो गए थे। टीएमएस 1 से टीएमएस 2.0 में डाटा शिफ्टिंग के दौरान भी शुरुआती समस्याएं आईं, जिससे अस्पतालों का भुगतान प्रभावित हुआ।
उन्होंने बताया कि लंबित दावों के निस्तारण के लिए क्लेम रिव्यू कमेटी (सीआरसी) और मेडिकल ऑडिट कमेटी (एमएसी) गठित की गई हैं। सीआरसी में 65 हजार और एमएसी में 55 हजार से अधिक मामले लंबित थे। अब तक आठ हजार से अधिक मामलों का निस्तारण कर भुगतान प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी दावों के शत-प्रतिशत निस्तारण का लक्ष्य 31 मार्च तय किया गया है।



