दुनियादेश

Chandrayaan-3: भारत ने रचा इतिहास, चंद्रयान की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग

• राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, सीजेआई समेत तमाम नेताओं ने दी देश को बधाई

• चंद्रयान-3 की कामयाबी पर किसने क्या कहा, पढ़ें

Mission Moon-Chandrayaan-3 : चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर भारत के चंद्रयान-3 ने सफल लैंडिंग कर इतिहास रच दिया। भारत ऐसा करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया। चंद्रयान की कामयाबी पर देश में जश्न शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के साथ ही देशभर से बधाईयों को सिलसिला शुरू हो गया है।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल तय समय पर बिना किसी बाधा के सफलता के साथ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की सतह पर उतर गया। लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान ने ने बुधवार की शाम 6 बजकर 4 मिनट पर सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। वहीं अमेरिका, चीन, पूर्व सोवियत संघ के बाद चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाले देशों में भारत दुनिया का चौथा देश बन गया। चंद्रयान-3 के लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग में 15 से 17 मिनट लगे। 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2.30 बजे चंद्रयान-3 को लॉन्च किया गया था।


चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग पर इन्होंने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चंद्रयान-3 की सफल ’सॉफ्ट लैंडिंग’ पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई दी। कहा, यह एक अविस्मरणीय क्षण है तथा वैज्ञानिकों ने इतिहास रचकर भारत को गौरवान्वित किया है। चंद्रयान की सफल लैंडिंग देखने के बाद अपने वीडियो संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “चंद्रयान-3 की ’सॉफ्ट लैंडिंग’ एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह एक ऐसी घटना है जो जीवनकाल में एक बार होती है।“

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोहान्सबर्ग से कहा कि चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग ऐतिहासिक है। ये पल भारत का है, इसके लोगों का है। वह जोहान्सबर्ग से सीधे चंद्रयान-3 की लैंडिंग की प्रक्रिया को देख रहे थे। उन्होंने चंद्रयान के चंद्रमा की सतह पर उतरने के ठीक बाद इसरो के प्रमुख एस सोमनाथ को फोन लगाकर चंद्रयान-3 की सफलता पर दक्षिण अफ़्रीका से ही बधाई दी। कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से भी आकर सबको बधाई देना चाहेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर ’लैंडिंग’ के साथ ही वैज्ञानिकों ने इतिहास रच दिया है और भारत को गौरवान्वित किया है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, “जब दुनिया चंद्रयान-3 को अंतरिक्ष में भारत के युग की पटकथा लिखते हुए देख रही है, मैं इस मिशन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए इसरो और हमारे वैज्ञानिकों के अथक प्रयासों के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल भारतीय प्रतिभा की शक्ति का प्रमाण है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कल्पना के अनुसार अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक वैश्विक नेता के रूप में उभरने के लिए अमृतकाल के माध्यम से भारत की यात्रा का भी शुभारंभ है।“

इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी पूरी टीम को बधाई दी। चंद्रयान-3 मिशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पी वीरमुथुवेल ने कहा कि, हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर जाने वाले पहले देश बन गए हैं।

इसरो के चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं इसरो वैज्ञानिक को इस सफलता के लिए बधाई देता हूं। यह नया भारत है और जिसकी भुजाएं मंगल से चंद्रमा तक फैली हुई हैं।

भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि यह हमारे महान राष्ट्र के नागरिक के रूप में बेहद गर्व की बात है कि मैंने आज चंद्रमा पर चंद्रयान 3 की लैंडिंग देखी। चंद्र मिशन की सफलता ने भारत को चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग करने वाले देशों के एक चुनिंदा समूह में शामिल कर दिया है। यह और भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत एकमात्र ऐसा देश है जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग की है। यह राष्ट्र की प्रगति में एक मील का पत्थर दर्शाता है। मेरा इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर टीम इसरो और वैज्ञानिक समुदाय को हार्दिक बधाई, उन्होंने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चंद्रयान-3 की सफल ’लैंडिंग’ को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की शानदार उपलब्धि बताया। ट्वीट में लिखा, “आज की शानदार उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई। चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की ’सॉफ्ट लैंडिंग’ हमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है। 1962 के बाद से भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।“

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर कहा कि चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग नए भारत की सामर्थ्य और शक्ति का सशक्त प्रदर्शन है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में इसरो के वैज्ञानिकों ने वह कर दिखाया जो कोई नहीं कर सका। चंद्रमा का दक्षिणी ध्रुव अब तक दुनिया के लिए असंभव था, लेकिन हमारे दूरदर्शी वैज्ञानिकों ने इसे संभव कर दिखाया है। वसुधैव कुटुम्बकम् की पवित्र भावना के साथ मैं इसरो के सभी वैज्ञानिकों को इस सफलता के लिए बधाई और देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं।

एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने इसरो के मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैं चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं।“

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने पर कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है और सभी देशवासी बहुत गौरव महसूस कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता प्रत्येक भारतीय की सामूहिक सफलता है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा, “आज हम जो सफलता देख रहे हैं वो एक सामूहिक संकल्प, एक सामूहिक कामकाज है, एक सामूहिक टीम के प्रयास का नतीज़ा है। यह सिस्टम का नतीज़ा है, एक व्यक्ति का नहीं है।“

योग गुरु रामदेव ने कहा कि यह भारत को दुनिया की महाशक्ति बनने की दिशा में बड़ा कदम है। आज जो इतिहास रचा गया है वह 140 करोड़ भारतीयों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चंद्रयान-3 की चन्द्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग के साथ आज भारत विश्व का पहला देश बन गया है, जिसके हम सभी साथी बने है। आज भारत दुनिया के हर क्षेत्र में नंबर एक बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में शासन के उच्चाधिकारियों, विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों व स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ऐतिहासिक सफल लैंडिंग का सजीव प्रसारण को देखा।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!