चारधाम यात्राः ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आज से शुरू
इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना

देहरादून। 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन चारधाम यात्रा की शुरुआत होगी। राज्य सरकार ने यात्रा प्रबंधन के दृष्टिगत तैयारियां पूरी कर ली हैं। आज शुक्रवार से पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 50 काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं।
पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि श्रद्धालु वेबसाइट और मोबाइल ऐप से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। वहीं, ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी रहेगी। इसके लिए कुल 50 काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं। 30 काउंटर ऋषिकेश और 20 काउंटर विकासनगर में बनाए जा रहे हैं। जो कि 24 घंटे कार्य करेंगे।
आधार और ई-मेल से भी होगा पंजीकरण
श्रद्धालु अपना पंजीकरण आधार कार्ड के माध्यम से कर सकेंगे, जबकि विदेशी यात्रियों के लिए ई-मेल आईडी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिन यात्रियों के पास आधार कार्ड नहीं है, उनके लिए पंजीकरण केंद्र और ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश, ऋषिकुल ग्राउंड हरिद्वार और विकासनगर देहरादून में व्यवस्था की गई है। इन भौतिक काउंटरों पर पंजीकरण 17 अप्रैल से शुरू होगा।
सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
सरकार ने यात्रा मार्ग पर सार्वजनिक शौचालय, पेयजल और मेडिकल सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की है। साथ ही मुख्य और वैकल्पिक मार्गों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए जल्द ही एसओपी जारी की जाएगी। प्रत्येक वाहन के ट्रिप कार्ड में चालक, यात्रियों और वाहन मालिक की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य होगा।
यात्रा के लिए 1800 बसों की व्यवस्था
चारधाम यात्रा के संचालन के लिए इस बार 1800 बसें लगाई जाएंगी, जिनमें 400 बसें रिजर्व रखी जाएंगी। प्रतिदिन लगभग 130 बसें यात्रियों को यात्रा मार्ग पर रवाना करेंगी, जिससे यात्रा व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखा जा सके।
चारधाम के कपाट खुलने की तिथियां
चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट परंपरा के अनुसार 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन खोले जाएंगे। वहीं केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल और बदरीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।



