Uncategorized

चारधाम यात्राः ऋषिकेश में स्थापित होंगे 30 रजिस्ट्रेशन काउंटर

देहरादून प्रशासन ने की तैयारियां तेज, 15 अप्रैल तक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश़

देहरादून। चारधाम यात्रा-2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीएम सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा प्रशासनिक दायित्व के साथ श्रद्धालुओं की सेवा का अवसर भी है। उन्हें देवभूमि उत्तराखंड की आतिथ्य परंपरा का सकारात्मक अनुभव मिलना चाहिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि धनाभाव के कारण किसी भी व्यवस्था में कमी नहीं रहेगी। आवश्यक होने पर विभाग अतिरिक्त बजट प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत करें। सभी विभागों को 15 अप्रैल तक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ऋषिकेश और विकासनगर क्षेत्र में पार्किंग, ठहराव क्षमता, पंजीकरण, सड़क, पेयजल, परिवहन, भोजन, शौचालय एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डायवर्जन स्थलों, कियोस्क प्वाइंट्स और प्रमुख मार्गों पर सुगम यातायात व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। होटल, धर्मशाला, गुरुद्वारा और ट्रांजिट कैंपों में भोजन, पेयजल और रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था पर जोर दिया गया।

ऋषिकेश में 30 और विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे। 24 घंटे संचालन, प्रशिक्षित स्टाफ, सुदृढ़ नेटवर्क तथा मोबाइल पंजीकरण टीमों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। ऑफलाइन पंजीकरण, क्यू मैनेजमेंट और यात्रियों के बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

होल्डिंग एरिया, पार्किंग और प्रमुख स्थलों पर हेल्पलाइन व होटल-धर्मशालाओं के संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे। एलईडी स्क्रीन से सूचनाएं प्रसारित होंगी। ट्रांजिट कैंपों में जर्मन हैंगर, मेडिकल चेकअप, भोजन, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था की जाएगी।

परिवहन विभाग को वाहनों की फिटनेस जांच, ग्रीन कार्ड और वैकल्पिक ट्रिप कार्ड व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सक, एंबुलेंस और हेल्थ एडवाइजरी जारी करने को कहा गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, जल संस्थान और विद्युत विभाग को भी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी जया बलूनी, एडीएम (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय के अलावा नगर निगम, लोनिवि, परिवहन, जिलापूर्ति व यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!