Char Dham 2022: कैबिनेट मंत्रियों ने दिखाई वाहनों को हरी झंडी
Char Dham Yatra 2022: ऋषिकेश। चारधाम यात्रा 2022 का आज औपचारिक शुभारंभ हो गया है। काबीना मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और परिवहन मंत्री चंदनराम दास ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहनों को तीर्थयात्रा पर रवाना किया। औपचारिक शुभारंभ पर 30 वाहनों में 1200 तीर्थयात्रियों ने धामों के दर्शनों को प्रस्थान किया।
गुरुवार को संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की ओर से चारधाम यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और चंदनराम दास ने वाहनों को हरी झंडी दिखाई। अग्रवाल ने कहा कि दो वर्ष से प्रभावित चारधाम यात्रा इस वर्ष बेहतर होने की पूरी उम्मीद है। राज्य सरकार इसके लिए पूरी तरह से तैयार है। प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि संबन्धित विभागीय अधिकारियों को यात्रा वाहनों की फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के खास निर्देश दिए गए हैं। कहा कि बिना फिटनेस वाली गाड़ी पर कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होंने यात्रियों के रजिस्ट्रेशन पर भी जोर दिया। कहा सरकार के पास सभी यात्रियों का पूरा रिकॉर्ड होना चाहिए।
इस मौके पर महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, संयुक्त रोटेशन के अध्यक्ष संजय शास्त्री, भाजपा नेत्री कविता शाह, कांग्रेस नेता रवि जैन आदि भी मौजूद थे।