चमोली गढ़वालयात्रा-पर्यटन

बदरीनाथ में अंतिम चरण में पहुंची यात्रा की तैयारियां

सीईओ विशाल मिश्रा ने धाम में व्यवस्थाओं को लिया जायजा

जोशीमठ। बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने सोमवार को धाम में पहुंच कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ ही तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना 20 अप्रैल तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने परिसर में चल रहे साफ-सफाई और रंग-रोगन कार्यों का भी अवलोकन किया और श्रमिकों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

सीईओ ने मंदिर प्रभारी को नृसिंह मंदिर और योग बद्री मंदिर की साज-सज्जा 20 अप्रैल तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, बदरीनाथ को फूलों से सजाने का कार्य 22 अप्रैल तक पूरा करने को कहा गया। उन्होंने विशेष रूप से गेंदे और विभिन्न रंगों के गुलाब के फूलों के उपयोग पर जोर देते हुए दानदाताओं को समय रहते सूचित करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर कपाट खुलने से पहले उनका ट्रायल सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा, कतारों में जगह-जगह स्क्रीन लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रतीक्षारत श्रद्धालु धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकें।

उन्होंने ज्योतिर्मठ और धाम के अतिथि गृहों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने और 20 अप्रैल से पहले पूरे मंदिर परिसर में आकर्षक साइनेज लगाने के भी निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button